बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) ने दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के साथ बिताए पलों को याद करते हुए दिल को छू लेने वाला जो नोट लिखा था, अब उन्हीं शब्दों को अपने मुंह से बोलकर भी सुना दिया है. उन्होंने एक वीडियो जारी किया है जिसमें वो अपने ब्लॉग पर लिखी बातों को पढ़ रहे हैं. इसमें उन्होंने ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) के बारे में बचपन से लेकर उन्हें रक्त कैंसर (ल्यूकेमिया) होने का पता चलने तक की बातों का जिक्र है. वीडियो के आखिर में अमिताभ को भावुक होते हुए देखा जा सकता है. उनकी आंखें भर आती हैं.

अमिताभ बच्चन ने बताया, जब उन्होंने पहली बार कपूर को उनके पिता, दिग्गज अभिनेता राज कपूर के चेम्बूर स्थित घर में देखा था.उन्होंने कहा, 'उन्हें चेंबूर में उनके घर देवनार कॉटेज में देखा था, युवा, ऊर्जावान, उत्साहित, आंखों में शरारत लिए चिंटू को उन दुर्लभ क्षणों में देखा था, जब मुझे राज जी के घर एक शाम आमंत्रित होने का सौभाग्य मिला था.' बच्चन ने कहा कि उन्होंने कपूर को अक़सर आर. के. स्टूडियो में देखा था, जहां उन्हें उनकी पहली फिल्म 'बॉबी'' के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा था. अभिनेता ने कपूर के चलने की अद्भुत शैली के बारे में भी लिखा और कहा कि यह उनके दिवंगत दादा, प्रसिद्ध अभिनेता-फिल्मकार पृथ्वीराज कपूर से मिलती-जुलती थी.
कपूर के साथ काम करने के अपने अनुभव के बारे में बच्चन ने कहा, 'जब वह अपनी पंक्तियां बोलते थे, आपको उनके हर शब्द पर यकीन हो जाता था, उसका कोई विकल्प नहीं था और उनकी असलियत सवालों से परे थी.' उन्होंने कहा, 'उनके जैसा कोई नहीं था जो गीत के बोल पर उनकी तरह पूरी निपुणता से होंठ हिला सके.' बच्चन ने याद करते हुए कहा कि पर्दे से इतर कपूर का अंदाज सेट पर चुलबुला रहता था, जो सबको पसंद आता था.
ऋषि कपूर की अस्थियां बाणगंगा में विसर्जित
अभिनेता ऋषि कपूर की अस्थियां रविवार को यहां बाणगंगा में विसर्जित की गईं. उनके बड़े भाई रणधीर कपूर ने यह जानकारी दी. दो साल से ल्यूकेमिया से जंग लड़ रहे ऋषि कपूर (67) का 30 अप्रैल को यहां एचएन रिलायंस अस्पताल में निधन हो गया. रणधीर कपूर ने बताया कि शनिवार को ऋषि कपूर के लिये प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी. उन्होंने पीटीआई-भाषा से बताया, ''प्रशासन से हमें हरिद्वार जाने की इजाजत नहीं मिली, जिसके बाद आज हमने बाणगंगा में उनकी अस्थियां विसर्जित कीं.'' सोशल मीडिया में वायरल हुई एक तस्वीर में ऋषि कपूर की तस्वीर के सामने उनकी पत्नी नीतू कपूर और अभिनेता पुत्र रणबीर कपूर बैठे दिख रहे हैं.
परिवार के सूत्रों ने बताया कि अभिनेता की पुत्री रिद्धिमा कपूर साहनी भी प्रार्थना सभा में शामिल हुईं. दिल्ली से सड़क मार्ग से आने के कारण वह अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सकी थीं. उन्होंने बताया कि इसमें बहुत अधिक लोग नहीं थे, केवल परिवार के पांच-छह लोग शामिल हुए. अमेरिका में लगभग एक साल तक इलाज के बाद ऋषि कपूर पिछले सितंबर में भारत लौटे थे. फरवरी में उन्हें दो बार अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया.

ConversionConversion EmoticonEmoticon